बहसूमा। बृहस्पतिवार को कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित पुराने शराब के ठेके के पास संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला बेहोश हालत में पड़ी मिली। महिला में केरोसिन तेल की बदबू आ रही थी। बेहोश पड़ी महिला को बचाने के लिए लोगों की जमा हुई भीड़ में से कोई नहीं आया। वह काफी देर तक इलाज के अभाव में सड़क किनारे तड़पती रही। लेकिन किसी की इंसानियत नहीं जागी। जानकारी के बाद पहुची पुलिस ने बेहोश महिला को कस्बे के निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। पुलिस की सूचना पर पहुंचे महिला के परिजन मेडिकल के लिए हस्तिनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:30 बजे मोहल्ला बसी से एक महिला निकलकर मुख्य मार्ग पर स्थित पुराने शराब ठेके के पास बचाओ बचाओ का शोर मचाते हुए बेहोश होकर गिर पड़ी। महिला ससुराल वालों पर मारपीट कर मिट्टी का तेल छिड़ककर व गले में फासी देकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगा रही थी। सड़क किनारे पड़ी बेहोश महिला में से केरोसिन तेल की बदबू आ रही थी। सड़क किनारे बेहोश पड़ी महिलाओं को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। लेकिन किसी की इंसानियत नहीं जागी और वह इलाज के अभाव में सड़क किनारे ही तड़पती रही। जानकारी पर घंटे बाद पहुंची पुलिस ने बेहोश पड़ी महिला को कस्बे के निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। चिकित्सक के यहां आई होश में महिला ने पुलिस को बताया की उसका पति व ससुराल वाले उसके ऊपर केरोसिन तेल छिड़ककर रस्सी से गले में फंदा लगाकर जान से मारने की कोशिश में थे। वह जैसे तैसे वहां से जान बचाकर भागी है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार का कहना है कि मुजफ्फरनगर जनपद के बेहड़ा थ्रू निवासी सपना पुत्री सुरेंद्र का विवाह कस्बा निवासी मनीष पुत्र रमेश के साथ एक वर्ष पूर्व हुआ था। दोनों में शादी के कुछ दिन बाद ही आपस में विवाद होने लगा। महिला सपना का कहना है कि वह आज ही अपने घर से ससुराल आई थी। घर पहुंचते ही ससुराल वालों ने उसे जान से मारने की कोशिश की। उसने जैसे तैसे भागकर जान बचाई। उसका पति थाने का जिला बदर रह चुका है। अपराधी प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। खबर लिखे जाने तक तहरीर नहीं आई थी। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। कस्बा निवासी मनीष ने भी उच्चाधिकारियों के यहां फैसले के नाम पर सुसराल वालो पर 5 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया है।