Basti (Uttar Pradesh) विकास खण्ड बहादुरपुर के ग्राम पंचायत गोविंदापुर के अंतर्गत राजस्व ग्राम महुवाडाबर में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। दिनांक 26 जुलाई 2025 की रात करीब 11 बजे 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन अचानक मुहम्मद उमर के घर के बाउंड्रीवाल के अंदर गिर गई। घटना के समय पूरा परिवार अपने घर के परिसर में सो रहा था। तेज आवाज़ और चिंगारी के चलते अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर वहां से भागे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना कोई पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी कई बार तार झूलते हुए देखे गए थे, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। गांव की प्रधान आमिना खातून, पत्नी नूर मुहम्मद खान ने इस संबंध में 15 फरवरी 2024 को विद्युत वितरण खण्ड द्वितीय, बस्ती के अधिशाषी अभियंता को लिखित शिकायत दी थी। बावजूद इसके, आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। गांव के लोग दहशत में हैं और बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जता रहे हैं। सभी की मांग है कि जल्द से जल्द बिजली लाइन की मरम्मत और सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में कोई जान-माल का नुकसान न हो।
गांव वालों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध मे अवर अभियंता शहनवाज आलम ने बताया कि जल्द ही बिजली के जर्जर तार को बदलवाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विभाग विभाग को अवगत करा दिया गया है।
