Basti (Uttar Pradesh) पी0 एम0 श्री सम्बीलियन विद्यालय कोठवा भरतपुर की छात्राओं ने शनिवार को प्रधानाध्यापक ललित उपाध्याय के नेतृत्व में नगर थाना का शैक्षिक भ्रमण किया। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य छात्राओं को विधिक जानकारी और सुरक्षा से संबंधित विषयों से अवगत कराना था।
भ्रमण के दौरान थानाध्यक्ष नगर विश्व मोहन राय ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानून की बुनियादी जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस 108 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही छात्राओं को साइबर क्राइम से बचाव, सोशल मीडिया पर सतर्कता और आत्मरक्षा के लिए जागरूक किया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाएं अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सुरक्षा की दृष्टि से सरकार व पुलिस प्रशासन लगातार प्रयासरत है। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सवाल पूछकर जानकारी हासिल की।
प्रधानाध्यापक ललित उपाध्याय ने मिशन शक्ति के अंतर्गत मिल रहे अवसरों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें समाज में सशक्त भूमिका निभाने के लिए तैयार करते हैं।
