बस्ती (उत्तर प्रदेश) बहादुरपुर क्षेत्र के भेड़वा गांव स्थित यशोदा एजुकेशनल एकेडमी में शुक्रवार को तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता 19 जनवरी से 21 जनवरी तक चलेगी, जिसमें विद्यार्थियों के बीच 100 मीटर, 200 मीटर, 500 मीटर दौड़, कबड्डी और खो-खो जैसी स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुदरहा ब्रह्मदेव यादव उर्फ देवा रहे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर 100 मीटर दौड़ का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि प्रतियोगी भावना, अनुशासन और टीम वर्क जैसे गुणों को भी विकसित करते हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कुमार दुबे, राज किशोर दुबे, प्रभाकर, अनुज शुक्ल, उमाकांत ओझा सहित शिक्षक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा सभी खेलों के क्रमवार कार्यक्रम की जानकारी दी गई और बताया गया कि समापन दिवस पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
उद्घाटन के बाद दौड़ और टीम प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई, जिसमें खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिला।
