संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय, संतकबीरनगर में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता संगोष्ठी एवं मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं सहित आम नागरिकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति मतदान है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और इसकी मजबूती का आधार जागरूक मतदाता हैं। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि हमारा संवैधानिक कर्तव्य भी है। एक-एक वोट से सरकार बनती और बिगड़ती है, इसलिए हर वोट अमूल्य है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय के संकाय प्रमुख प्रो. विजय राय ने कहा कि मतदाता जागरूकता का उद्देश्य यह है कि प्रत्येक नागरिक बिना किसी डर, लालच या दबाव के स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान करे। जाति, धर्म और धन से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में मतदान करना समय की आवश्यकता है।
बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. पूर्णेश नारायण सिंह ने युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि युवा वर्ग को स्वयं मतदान करने के साथ-साथ दूसरों को भी प्रेरित करना चाहिए। “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे नारों को व्यवहार में उतारना होगा।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी द्वारा हरी झंडी दिखाकर मतदाता जागरूकता रैली को रवाना किया गया। रैली शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक करती रही।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों के संयोजक विद्याभूषण, डॉ. मनोज वर्मा, विजय बहादुर, सहित डॉ. विजय कुमार मिश्र, डॉ. मनोज मिश्र, अभय गुप्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
