Basti (Uttar Pradesh) नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर पंचायत नगर बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में जन्माष्टमी पर्व बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरे दिन भक्त व्रत-उपवास रखकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना में लीन रहे।
पिपरा गौतम स्थित प्रमुख मंदिर को फूलों और झालरों से सजाया गया था। रात्रि 12 बजे जैसे ही श्रीकृष्ण जन्म का क्षण आया, पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा। महाआरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। बच्चे और महिलाएं राधा-कृष्ण की वेशभूषा में नजर आए, जिससे माहौल भक्तिमय बन गया।
वहीं कई जगहों पर मक्खन से सजे विशेष केक तैयार किए गए, जिन्हें भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित करने के बाद भक्तों में बांटा गया। यह अनोखी झलक लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भजन-कीर्तन, झांकियां और कृष्ण-लीला का मंचन देर रात तक चलता रहा। बच्चों ने गोकुल के दृश्य और माखन चोरी की लीलाओं का सुंदर प्रदर्शन किया। इसी दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाकर माहौल को और भी आध्यात्मिक बना दिया।
पूरे आयोजन को लेकर प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए थे। थाना प्रभारी ने स्वयं पूजा स्थलों का निरीक्षण किया और शांति व्यवस्था की अपील की। ग्रामीणों का कहना था कि इस बार जन्माष्टमी उत्सव में पहले से ज्यादा उत्साह और भागीदारी देखने को मिली।
