बस्ती जिले के परशुरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बिछनैया पांडे में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की पंचायत सहायक पूर्णिमा पांडे ने क्षेत्रवासियों के बीच फल, कंबल व वस्त्र आदि का वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत सहायक पूर्णिमा पांडे ने स्वामी विवेकानंद के विचारों और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के सिद्धांत युवाओं के लिए आज भी प्रेरणास्रोत हैं और उनके विचार समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
ग्रामीणों ने इस सामाजिक पहल की सराहना की और ऐसे कार्यक्रमों को समाज के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
