200 वर्ष पुराने शिव मंदिर के जीर्णोद्धार पर अखण्ड रामचरितमानस पाठ शुरू, 15 फरवरी को विशाल भंडारा

200 वर्ष पुराने शिव मंदिर के जीर्णोद्धार पर अखण्ड रामचरितमानस पाठ शुरू, 15 फरवरी को विशाल भंडारा

Basti (Uttar Pradesh) जनपद बस्ती के ग्राम पंचायत पोखरा बाजार में स्थित लगभग 200 वर्ष प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार के उपरांत शनिवार को धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य शुभारंभ हुआ। लंबे समय से जर्जर अवस्था में पहुंचे इस ऐतिहासिक मंदिर का पुनर्निर्माण जनसहयोग से संपन्न कराया गया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह का वातावरण है।

मंदिर के जीर्णोद्धार पूर्ण होने पर अखण्ड श्रीरामचरितमानस पाठ का आयोजन विधि-विधान के साथ प्रारंभ किया गया। पाठ का शुभारंभ “प्रविसि नगर कीजै सब काजा, हृदय राखि कोशलपुर राजा” सम्पुट के साथ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

मंदिर परिसर में सजावट, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पोखरा सरकार दिगंबर अखाड़ा के महंत गिरजेश दास जी महाराज ने बताया कि मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य ग्रामवासियों के सहयोग और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भास्कर सिंह के अथक प्रयासों से सफलतापूर्वक पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि यह मंदिर गांव की आस्था का केंद्र है और इसके पुनर्निर्माण से क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिली है।

कार्यक्रम की पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारा 15 फरवरी 2026 को सायं 5 बजे से प्रारंभ होकर रात्रि तक चलेगा। आयोजकों ने समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रसाद ग्रहण करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

शेयर करें

इन्हें भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा अपडेट्स सबसे पहले प्राप्त करना चाहते हैं हां ✅ नहीं