Basti (Uttar Pradesh) बस्ती जनपद के विकास खंड कप्तानगंज अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय खदरा में नवारंभ कार्यक्रम एवं वार्षिक उत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में गांव के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की शोभा और बढ़ गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रधान द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका प्रजापती ने कुशलता के साथ किया, जिससे पूरे आयोजन में अनुशासन और ऊर्जा बनी रही।
इस अवसर पर विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक संजय कुमार मिश्र, सहायक अध्यापक अब्दुल माबूद, महेंद्र प्रताप, शाइस्ता परवीन, अन्या सिंह, तकनीकी अनुदेशक विजेता पटेल सहित आंगनवाड़ी कार्यकत्री और सुपरवाइजर मैम उपस्थित रहीं। इसके साथ ही विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष और अन्य सम्मानित ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
विद्यालय परिवार ने नवारंभ कार्यक्रम के माध्यम से नए शैक्षिक सत्र की सकारात्मक शुरुआत का संदेश दिया। वहीं वार्षिक उत्सव में बच्चों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ावा दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सहायक अध्यापक अब्दुल माबूद ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन विद्यालय में कराएं, ताकि सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
समारोह के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को सराहना मिली और कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
