युवा दिवस पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन, खिचड़ी सहभोज का आयोजन
बस्ती (उत्तर प्रदेश) युवा दिवस के उपलक्ष्य में स्वामी विवेकानंद ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, रिठिया, महरीपुर बस्ती में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य समापन किया गया। समापन अवसर पर खिचड़ी सहभोज कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अतिथियों, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कर्नल के.सी. मिश्र (अध्यक्ष, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद्, गोरक्ष प्रान्त बस्ती) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में गोपेश पाल, आशीष श्रीवास्तव (अध्यक्ष, भारत विकास परिषद् विशिष्ट शाखा बस्ती), प्रमोद तिवारी (कोषाध्यक्ष), कुलदीप सिंह (सेवा संयोजक), राम कुमार वर्मा (संस्कार संयोजक) सहित विद्यालय के संस्थापक सत्य प्रकाश सिंह, मैनेजर डॉ. हनुमान सिंह, राम प्रकाश सिंह, प्रहलाद सिंह, पवन कुमार सिंह तथा विद्यालय के निदेशक एवं समस्त शिक्षकगण मौजूद रहे।
इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि कर्नल के.सी. मिश्र द्वारा फार्मेसी कोर्स के विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा ब्लड डोनेशन कैंप एवं साइंस गैलरी का आयोजन भी किया गया, जिसमें 11 विद्यार्थियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया।
अपने संबोधन में कर्नल के.सी. मिश्र ने युवाओं को अपनी प्रतिभाओं को निखारने, सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सतत प्रयास करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन उत्साह, अनुशासन और सामाजिक समर्पण के संदेश के साथ हुआ।
