संवाददाता कोटा: कोटा जिले की सभी 6 विधानसभा सीटों पर कुल 41 उम्मीदवारों की किस्मत आज यानी शनिवार को ईवीएम में बंद हो जाएगी। जिले के कुल 1455 मतदान केंद्रों पर 14.58 लाख मतदाता प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे। इनमें 7.51 लाख से ज्यादा पुरूष व 7.6 लाख से अधिक महिला मतदाता वोट देंगे।
सभी विधानसभा सीटों में से सबसे ज्यादा लाडपुरा में 2.90 लाख और सांगोद में सबसे कम 2 लाख 9 हजार मतदाता हैं। वहीं 11 हजार दिव्यांग तो 23 हजार से ज्यादा बुजुर्ग वोटर्स हैं, जो सरकार के गठन में भागीदारी निभाएंगे।
सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। विधानसभा क्षेत्र पीपल्दा में पुरूष मतदाता 109089 हैं, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 100862 है। सांगोद 108819 पुरुष व 101048 महिला, कोटा उत्तर में 130153 पुरुष व 125439 महिला, कोटा दक्षिण में 125147 पुरुष, 119692 महिला, लाडपुरा में 149538 पुरुष व 140597 महिला जबकि रामगंजमंडी में 129080 पुरुष और 118916 महिला वोटर हैं।
सर्वाधिक मतदाता लाडपुरा में
जिले की 6 विधानसभा सीटों में से सर्वाधिक मतदाताओं की संख्या लाडपुरा में हैं। यहां कुल 2 लाख 90 हजार 305 मतदाता हैं। इनमें से पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 49 हजार 538 तथा 1 लाख 40 हजार 597 महिला वोटर्स हैं। इसके अलावा 2 ट्रांसजेंडर और 168 सर्विस मतदाता हैं।
सबसे कम मतदाता सांगोद में
सांगोद विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या सबसे कम हैं। यहां 2 लाख 9 हजार 921 वोटर्स हैं। इनमें से पुरूष मतदाला 1 लाख 8 हजार 819 है, जबकि महिलाओं की संख्या 1 लाख 1 हजार 48 है। वहीं, सर्विस मतदाता 52 तथा ट्रांसजेंडर 2 हैं।
पुरूषों के मुकाबले महिला वोटर्स कम
कोटा जिले में इस बार कुल 14 लाख 58 हजार 997 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें पुरूष वोटर्स 7 लाख 51 हजार 826 हैं। वहीं, महिला मतदाता 7 लाख 6 हजार 54 हैं। ऐसे में पुरुषों के मुकाबले महिला वोटर्स की संख्या 45 हजार 272 कम है। यदि दिव्यांग मतदाताओं की बात करें तो जिले में 7 हजार 523 पुरूष तथा 3 हजार 906 महिला वोटर्स हैं।
रिपोर्ट – अहमद सिराज फारूकी