Farrukhabad News: जिले के थाना जहानगंज क्षेत्र में प्रेमी और प्रेमिका के शव मिलने पर हड़कंप मच गया। प्रेमिका के घर पर प्रेमी का शव फांसी पर झूलता मिला, वहीं प्रेमिका का शव पुआल पर पड़ा पाया गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई है।
थाना जहानगंज के ग्राम रुनी चुरसई निवासी रघुनाथ राजपूत की पुत्री रोशनी 19 वर्षीय और थाना मेरापुर के गांव अछरौडा निवासी विजय का बेटा अखिलेश 24 वर्षीय रिश्ते में ममेरे भाई बहन थे। अखिलेश रघुनाथ का सगा भांजा था। मिली जानकारी के अनुसार अखिलेश अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करता था वह परसों ही घर आया था और कल मामा के घर रूनी गया था। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रोशनी व अखिलेश का काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। किन्हीं कारणों के चलते दोनों का विवाह नहीं हो पा रहा था।
करीब 10 वर्ष पूर्व रोशनी की मां का निधन हो चुका है। बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। छोटा भाई कल मौसी के यहां गया था। बीती रात रोशनी घर में अकेली थी। पिता रघुनाथ पड़ोस की बैठक में सोए थे।
रघुनाथ आज सुबह जानवरों को सानी लगाने के लिए दाना लेने घर गए थे। उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया न खुलने पर काफी तेजी से दरवाजा खटखटाया तो ढीली कुंडी निकल जाने पर दरवाजा खुल गया। रघुनाथ कमरे का नजारा देखकर भौचक्के रह गए। अखिलेश फांसी पर लटका था तथा रोशनी जमीन पर पड़ी थी।
अखिलेश ने फांसी लगाने के लिए छत के कुंडे में रस्सी का फंदा गले में डाला और पानी भरने वाली डेग पर पैर रखा था। जबकि रोशनी जमीन पर धान के पुआल पर लेटी थी। रोशनी के मुंह से बदबू आने पर अनुमान लगाया गया कि उसने कोई जहर खाया। मौके पर एक मोबाइल फोन टूट पड़ा देखा गया। सूचना मिलने पर अखिलेश के परिजन रोते बिलखते घटनास्थल पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया। शव को फांसी के फंदे से नीचे उतरवाया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक दोनों बालिग है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।