लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। समाजवादी पार्टी ने एक के बाद एक कई लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।
इसी क्रम में सपा ने अपनी तीसरी लिस्ट में 5 लोकसभा सीट पर उम्मीदवार उतार दिए है। सपा के कद्दावर नेता राष्ट्रीय महासचिव और विधायक शिवपाल सिंह यादव को बदायूं लोकसभा सीट का कैंडिडेट बनाया गया है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी ने चार अन्य लोकसभा सीट पर भी उम्मीदवार उतार दिया हैं।
इसमें कैराना, हमीरपुर, वाराणसी और बरेली लोकसभा सीट भी शामिल है। इस तरह समाजवादी पार्टी यूपी की 31 लोकसभा सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कैराना लोकसभा सीट से इकरा हसन को प्रत्याशी घोषित किया है। चाचा शिवपाल यादव को बदायूं लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं बरेली से प्रवीण सिंह ऐरन, हमीरपुर से अजेंद्र सिंह राजपूत और वाराणसी से सुरेंद्र सिंह पटेल को सपा से टिकट मिला है। पीएम नरेंद्र मोदी की संसदीय क्षेत्र वाराणसी पर समाजवादी पार्टी ने सुरेंद्र सिंह पटेल पर दांव लगा दिया है। अब इस सीट पर मुकाबला देखने वाला होगा।
सपा ने कई लोकसभा सीट पर प्रभारी भी घोषित किया है। अमरोहा सीट के लिए महबूब अली और राम अवतार सैनी को प्रभारी बनाया गया है। कन्नौज और आजमगढ़ सीट के लिए धर्मेंद्र यादव को प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बागपत सीट पर मनोज चौधरी को प्रभारी बनाया है।