बस्ती के सदर विकासखंड के ग्राम पंचायत मरहा के पंचायत सचिवालय एवं प्राथमिक विद्यालय के संयुक्त परिसर में जीरो माइलस्टोन (शून्य मील पत्थर) की स्थापना कर एक अभिनव पहल की गई है। यह माइलस्टोन ग्राम पंचायत की भौगोलिक पहचान, विकास यात्रा और स्थानीय गौरव का प्रतीक बनेगा। स्थापित जीरो माइलस्टोन के अनुसार ग्राम पंचायत मरहा का भौगोलिक संदर्भ बिंदु 26.778314° उत्तरी अक्षांश तथा 82.644513° पूर्वी देशांतर पर स्थित है, जबकि इसकी समुद्र तल से ऊँचाई 115.03 मीटर दर्ज की गई है। यह बिंदु भविष्य में ग्राम पंचायत की आधिकारिक पहचान के साथ-साथ दूरी मापन एवं स्थानीय संदर्भ के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अखिल कुमार यादव ने बताया कि जीरो माइलस्टोन केवल एक पत्थर नहीं, बल्कि ग्राम पंचायत की पहचान, इतिहास, दिशा और विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालय परिसर में इसकी स्थापना से विद्यार्थियों को भूगोल, मानचित्रण, जीपीएस, अक्षांश-देशांतर तथा दिशा ज्ञान से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि पंचायत सचिवालय एवं विद्यालय परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। परिसर में हरित क्षेत्र, बाल वाटिका, ग्राम प्रेरणा स्थल, बीएसएनएल भारत फाइबर आधारित इंटरनेट सुविधा, एलईडी टीवी, दिव्यांगजन अनुकूल व्यवस्थाएँ तथा अन्य जनोपयोगी सुविधाएँ विकसित की गई हैं। जीरो माइलस्टोन की स्थापना से यह परिसर अब एक आकर्षक सेल्फी प्वाइंट और स्मृति स्थल के रूप में भी विकसित होगा। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्राम पंचायत की दूरदर्शी सोच और नवाचार का प्रतीक बताया। क्षेत्रवासियों का मानना है कि इस प्रकार की पहलें ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय पहचान और जनभागीदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर अखिल कुमार यादव ने कहा कि “जहाँ से दूरी मापी जाती है, वहीं से विकास की दिशा भी तय होती है। मरहा का जीरो माइलस्टोन गांव की पहचान, आत्मगौरव और उज्ज्वल भविष्य की विकास यात्रा का प्रारंभिक बिंदु है।”
ग्राम पंचायत मरहा अब अक्षांश, देशांतर और विकास की नई पहचान के रूप में उभर रही है।
